भारत-रूस आतंक के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया; कहा- आतंकवाद के ठिकानों को मिलकर खत्म करेंगे
नई दिल्ली. भारत और रूस ने गुरूवार को कहा कि आतंकवादियों के सभी सुरक्षित ठिकानों को खत्म करने की आवश्यकता है और आतंकी समूहों के खिलाफ मिलकर कड़ी कार्रवाई करेंगे। इंडिया-रूस ज्वाइंट वर्किंग ग्रुप ऑन काउंटर टेरेरिज्म की 11वीं बैठक के बाद संयुक्त बयान में दोनों देशों ने यह बात कही। भारत का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) विजय ठाकुर सिंह कर रहे थे, जबकि रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप-विदेश मंत्री ओलेग वी सिरमोलोटोव कर रहे थे।
बैठक में दोनों देश इस पर सहमत हुए कि संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स, फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर आतंक को मिलने वाली फंडिंग से लड़ने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की और बिना किसी दोहरे मापदंड के आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सूचनाओं के आदान-प्रदान करने पर सहमति बनीं
दोनों पक्षों ने कट्टरता और अतिवाद का मुकाबला करने, आतंकवादी उद्देश्यों के लिए इंटरनेट का दुरुपयोग को रोकने और नशीले पदार्थों की तस्करी सहित आतंकवाद के वित्तपोषण से निपटने की चुनौतियों पर जोर दिया। उन्होंने सूचनाओं के आदान-प्रदान, विशेषज्ञ स्तर पर नियमित बैठकें करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बल दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगली बैठक रूस में होगी।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/russia-supports-india-for-elimination-of-terror-safe-havens-in-south-asia-01675891.html
