संजय राउत ने कहा- हमारे पास 170 विधायकों का समर्थन, उद्धव बाढ़ पीड़ित किसानों से मिले
मुंबई. महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर तकरार जारी है। रविवार को शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हमें 170 से ज्यादा विधायकों का समर्थन है। यह आंकड़ा 175 भी हो सकता है। इस बीच शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज औरंगाबाद में बाढ़ पीड़त किसानों से मुलाकात की।
संजय राउत ने कहा कि दोनों दलों के बीच गतिरोध जारी है। अभी तक सरकार बनाने को लेकर भाजपा से कोई बातचीत नहीं हुई है। उनके साथ तभी बातचीत होगी, जब मुख्यमंत्री पद पर सहमति बने। शिवसेना और भाजपा ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था।
‘राष्ट्रपति शासन लगता है तो यह भाजपा की सबसे बड़ीहार होगी’
राज्यसभा सांसद राउत ने यह भी कहा था कि उद्धव आज औरंगाबाद में उन किसानों से मुलाकात करेंगे, जिनके फसलों को बाढ़ में नुकसान हुआ। इससे पहलेसेना के मुखपत्र सामना में अपने साप्ताहिक कॉलम में राउत ने सरकार के गठन पर गतिरोध की तुलना ‘अहंकार के कीचड़ में फंसे रथ’ से की है। राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने को लेकर उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो यह भाजपा की ‘सदी की सबसे बड़ी हार’ होगी।
ऐसी अफवाहें हैं कि शिवसेना राकांपा से हाथ मिला सकती है
भाजपा पांच साल अपना मुख्यमंत्री बनाए जाने के रुख पर कायम है। इस बीच भाजपा मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा है कि अगर राज्य में 7 नवंबर तक सरकार का गठन नहीं होता है तो राष्ट्रपति शासन लगाया जा सकता है।ऐसी भी अटकलें थीं कि शिवसेना राकांपा के साथ हाथ मिला सकती है और कांग्रेस से बाहरी समर्थन के साथ सरकार बना सकती है। राज्य के कुछ कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए शिवसेना को अपने फैसले पर कायम रहना चाहिए।
महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटें हैं। चुनाव में भाजपा को 105, शिवसेना को 56, राकांपा को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिलीं हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/sanjay-raut-said-we-have-more-than-170-mlas-supporting-us-01678203.html
