Add

  • BREAKING NEWS

    1 महीने में दूसरी बार राहुल गांधी विदेश गए; पार्टी ने कहा- वो ध्यान लगाने वहां गए हैं

    नई दिल्ली. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अक्टूबर महीने में दूसरी बार विदेश यात्रा पर गए हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, राहुल सोमवार को ही विदेश रवाना हो गए थे। वो संभवत: एक हफ्ते वहां रहेंगे। दूसरी तरफ, उनकी पार्टी खराब अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। कांग्रेस 1 से 8 नवंबर के बीच 35 प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सरकार को घेरने की कोशिश करेगी। 5 से 15 नवंबर के बीच इसी मुद्दे पर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।

    राहुल की यात्रा पर पार्टी की सफाई
    राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पक्ष प्रस्तुत किया। बुधवार को उन्होंने कहा- राहुल गांधी पहले भी समय-समय पर ध्यान साधना के लिए विदेश जाते रहे हैं। पार्टी के विरोध प्रदर्शनों की रूपरेखा उन्हीं के निर्देशन में तैयार की गई है।

    विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे
    न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोमवार को विदेश यात्रा पर रवाना हुए। वो अगले हफ्ते स्वदेश लौट सकते हैं। इसी दौरान पार्टी आर्थिक मंदी और बिगड़ती अर्थव्यवस्था के आरोप में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। जानकारी के मुताबिक, राहुल देश लौटकर इन प्रदर्शनों में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि राहुल अक्टूबर के पहले हफ्ते में भी विदेश यात्रा पर गए थे। उस दौरान हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव प्रचार चरम पर था।

    35 प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी कांग्रेस
    एआईसीसी के महासचिव केसी. वेणुगोपाल ने 23 अक्टूबर को जारी बयान में पार्टी के विरोध प्रदर्शन पर जानकारी दी थी। इसके मुताबिक, एक से आठ नवंबर के बीच 35 प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इनमें देश के आर्थिक हालात पर जानकारी दी जाएगी। 5 से 15 नवंबर के बीच मोदी सरकार के खिलाफ अलग-अलग शहरों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इनमें शिरकत के लिए अन्य विपक्षी नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। पिछले दिनों सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस की बैठक हुई थी। इसमें कांग्रेस के तमाम बड़े नेता और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे। इसी बैठक में आर्थिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई थी।



    आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
    राहुल गांधी अक्टूबर के पहले हफ्ते में भी विदेश यात्रा पर गए थे। (फाइल)


    from Dainik Bhaskar /national/news/rahul-gandhi-visit-abroad-ahead-of-congress-plan-protests-on-economic-slowdown-2019-01675649.html

    Ads

    Bottom ads