Add

  • BREAKING NEWS

    पूर्व सेना प्रमुख और मोदी सरकार में मंत्री वीके. सिंह ने कहा- पीओके भी हमारा हिस्सा, इसे लेकर रहेंगे

    नई दिल्ली. केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके. सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भी भारत का ही हिस्सा है। बुधवार को एक समारोह से इतर सिंह ने कहा- पीओके भी भारत का हिस्सा है और हम इसे लेकर रहेंगे। सिंह ने यूरोपीय यूनियन के सांसदों को कश्मीर जाने की इजाजत देने के सरकार के फैसले को सही बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष सिर्फ विरोध के लिए विरोध कर रहा है। कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी एक बयान में साफ कहा था कि पीओके में जल्द ही भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

    कब्जे की क्या जरूरत?
    सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री जनरल सिंह ने बुधवार को अपने मंत्रालय से संबंधित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा- आखिर पीओके पर कब्जे की जरूरत ही क्या है? वो तो भारत का ही हिस्सा है। हम इसे लेकर रहेंगे। सिंह के बयान से करीब एक हफ्ते पहले एक और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने यही रुख जाहिर किया था। उन्होंने कहा था- वो दिन ज्यादा दूर नहीं जब हमारा तिरंगा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भी फहराया जाएगा।

    सेना प्रमुख का भी सख्त रुख
    आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को आतंकियों के नियंत्रण वाला क्षेत्र करार दिया था। इस बारे में पूछ गए सवाल पर सिंह ने कहा- यही बात हमने संसद में भी कही थी। यूरोपीय यूनियन के सांसदों को कश्मीर दौरे की मंजूरी देने पर कांग्रेस और विपक्ष सवाल उठा रहा है। इस बारे में पूछे गए सवाल पर जनरल सिंह ने कहा- विरोध के अलावा विपक्ष कर क्या रहा है? वो कुछ भी कह सकते हैं। उन्हें कहने दीजिए। इससे पहले, भाजपा प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने कांग्रेस के विरोध पर कहा, ‘‘जब अनुच्छेद-370 हटा था, तब शांति-व्यवस्था के लिए कुछ जरूरी कदम उठाए गए थे। हालात सामान्य होते ही सब रोक हटा ली गई। अब हमारे पास कुछ छिपाने को नहीं, सिर्फ दिखाने को है। कश्मीर जाना है तो कांग्रेस के नेता भी फ्लाइट पकड़कर जा सकते हैं।”



    आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
    जनरल वीके. सिंह (सेवानिवृत्त) के मुताबिक, पीओके तो भारत का ही हिस्सा है। (फाइल)


    from Dainik Bhaskar /national/news/former-army-chief-vk-singh-on-pakistan-occupied-kashmir-pok-over-eu-lawmakers-mps-in-kashm-01675807.html

    Ads

    Bottom ads