पेंटागन ने कहा- हमले के बाद बगदादी के रोने की पुष्टि नहीं करते; पता नहीं, ट्रम्प को इसकी जानकारी कैसे मिली

वाॅशिंगटन (हेलेन कूपर).अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को आईएस सरगना अबु बकर अल बगदादी के मारे जाने की घोषणा की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि आखिरी वक्त में बगदादी रो रहा था और गिड़गड़ा रहा था। अमेरिकी सेना के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन मार्क मिली ने कहा कि इस तथ्य की हम पुष्टि नहीं करते। राष्ट्रपति ट्रम्प ने यह बात किस आधार पर कहीं, उन्हें ये बातें किसने बताईं, हम नहीं जानते।
इससे पहले उन्होंने बताया कि बगदादी के शव काे समुद्र में दफना दिया है। मार्क ने कहा, “बगदादी के शव को डीएनए टेस्टिंग के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद उसके शव का निपटारा किया गया। इस काम को पूरी तरह नियमों के तहत अंजाम दिया गया।” अमेरिकी रक्षा सूत्रों ने स्पष्ट करते हुए बताया कि उसकी मौत के बाद डीएनए टेस्ट किया गया और फिर शव को समुद्र में दफना दिया गया। अमेरिका इसका वीडियाे जारी कर सकता है।
प्रमाणित करने के लिए बगदादी के अंतर्वस्त्र चुराए गए
बगदादी के शव की 100 फीसदी पुष्टि के लिए उसके गंदे अंतर्वस्त्रों से मिलान किया गया था, जिसे मुखबिर ने चुराकर अपने पास रखा था। उस मुखबिर ने ही आतंकी सरगना के गुप्त ठिकाने के बारे में बताया था। सीरियाई कुर्द संगठन ने बताया कि उन्होंने बगदादी के करीबी सर्कल तक अपनी पहुंच स्थापित की थी और एक जासूस की मदद से बगदादी के अंतर्वस्त्र चुरा लिए गए थे। इन्ही के इस्तेमाल से डीएनए टेस्ट में उसके शव की पुष्टि हुई।
भविष्य की साजिशों का चिट्ठा मिला
मार्क ने कहा कि अमेरिकी सैनिकों ने बगदादी के गुप्त ठिकाने पर मिली आईएसआईएस से जुड़ी चीजों को रख लिया है। इसमें आतंकी संगठन की भविष्य की साजिशों के बारे में जानकारी भी शामिल है। उन्होंने कहा, “वहां से कुछ सामान लिया गया। हालांकि अभी हम इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकते हैं कि वे क्या चीजें थीं।
(द न्यूयार्क टाइम्स से दैनिक भास्कर के विशेष अनुबंध के तहत)
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36iQZcE