 |
शेरघाटी नई बाजार में उमड़ी भीड़ |
शेरघाटी से कौशलेन्द्र कुमार।
शेरघाटी शहर में लॉक डाउन का खुला उल्लंघन रविवार को देखने को मिला। गत 21 अप्रैल को पुलिस के साथ मारपीट की घटना के बाद लॉक डाउन का खुला उल्लंघन होते देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन भी थोड़ा शिथिल दिख रही है। घटना के बाद एक पुलिस अधिकारी के तबादला से पुलिस के मनोबल में कमी दिख रही है। इधर रात 3:00 बजे से ही शेरघाटी शहर के नई बाजार व बाजार के मुख्य मार्ग में भीड़भाड़ देखने को मिल जाता है प्रत्येक दिन रात्रि समय से ही दुकानदार और खरीददार देखे जा रहे हैं।हद तो यह है उनके मुंह पर मास्क भी नहीं होते। दुकानदार और खरीददार लॉक डाउन अवधि का महत्व नहीं समझ रहे हैं। बैंकों और सार्वजनिक सब्जी बाजार में भी बिना मास्क के भीड़-भाड़ कार्यदिवस में देखा जा रहा हैं। जो आने वाले समय के लिए दुखद हो सकता है। गत 2 दिनों से मुख्य मार्ग में दिनभर दुकान खुली दिख रही है । आवश्यक वस्तुओं की आड़ में अन्य दुकान भी संचालित हो रहे हैं। इस प्रकार से शेरघाटी शहर में एक बार फिर लॉक डाउन का खुला उल्लंघन देखने को मिल रहा है।

इधर शेरघाटी के कई सोशल व्हाट्सएप ग्रुप में एसआई ददन प्रसाद के तबादले को शेरघाटी के लिए दुखद बताया जा रहा है। ग्रुप में चल रही प्रतिक्रिया के अनुसार यह चर्चा है कि उनके जाने के साथ शेरघाटी में लॉक डाउन असरहीन हो गया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा ने इस मामले में एसपी से पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। साथ ही उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से अच्छे कार्य करने वाली पुलिस के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार के खिलाफ चिन्हित आरोपी पर कार्रवाई की मांग किया है।