शेरघाटी में मिला पहला कोरोना पॉजिटिव, लोगों में खौफ
शेरघाटी से कौशलेन्द्र
शेरघाटी के शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय क्वारण्टाईन सेन्टर के एक प्रवासी मजदूर को जांच के बाद शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पाया गया। शेरघाटी अस्पताल उपाधीक्षक डॉ आर पी सिंह ने बताया कि उक्त प्रवासी मजदूर शेरघाटी प्रखंड के एक गांव का है। गत 12 मई को वह आम्रपाली एक्सप्रेस से पंजाब प्रांत के जालन्धर से सीधा गया आया था। उसके बाद सरकारी बस से शेरघाटी अस्पताल पहुंचा था। प्राथमिक जांच के बाद उसे शेरघाटी के टीटीई महाविद्यालय में क्वारण्टाईन करते हुए नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था।
शुक्रवार को जांच पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे आइसोलेशन में रखा गया है। उसके साथ आए दो अन्य साथियों की जांच के लिए नमूना भेजा गया है। इधर शहर में स्थित क्वारण्टाईन में पहला कोरोना पॉजिटिव मिलने की खबर से शहर में सख्ती बरते जाने की संभावना बढ़ गई है। शहरवासियों में एक बार फिर पटरी पर लौट रही जीवन की गाड़ी में में ब्रेक लगने की सम्भावना है।