शेरघाटी में कोरोना का दूसरा पॉजिटिव केस मिला, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें
शेरघाटी से कौशलेन्द्र
शेरघाटी में शनिवार को एक और प्रवासी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके साथ ही शेरघाटी में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो हो गई है। लगातार दूसरे दिन कोरोना पॉजिटिव मामले आने से शहर में भय का माहौल है। शेरघाटी अस्पताल उपाधीक्षक डॉ आर पी सिंह ने बताया कि उक्त प्रवासी मजदूर शेरघाटी प्रखंड के श्रीरामपुर पंचायत के एक गांव का है। गत 12 मई को वह शेरघाटी में बस से पहुंचा था। उसके बाद वह अपने घर चला गया था। रात भर रुकने के बाद 13 मई को जांच की गई।
जांच के बाद स्थानीय रंगलाल हाई स्कूल क्वारण्टाईन सेंटर पर रखा गया। 19 मई को सेम्पल लेने के लिए टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज शेरघाटी लाया गया।जांच में वह पॉजिटिव पाया गया। इसलिए उसे आइसोलेशन सेंटर गया भेज दिया गया है। लगभग 40 वर्षीय उक्त मजदूर इंदौर से पैदल भोपाल आया। भोपाल से एक ट्रक के द्वारा यूपी बॉर्डर पहुंचा। फिर कुछ दूर पैदल चलकर दूसरी ट्रक का सहारा लिया। जिसके माध्यम से बिहार की सीमा तक पहुंचा। नियामतपुर से सरकारी बस बोधगया के लिए आ रही थी।
जिसके द्वारा शेरघाटी के योगापुर में उतरकर पैदल अपने घर चला गया था। दूसरे दिन 13 मई को उसे एकांतवास दिया गया। उल्लेखनीय हो कि आम्रपाली एक्सप्रेस से पंजाब प्रांत के जालन्धर से आया शेरघाटी के चांपी पंचायत का एक प्रवासी मजदूर भी कोरोना संक्रमित पाया गया था। शुक्रवार को जांच के बाद यह मामला प्रकाश में आया था। 14 मई को प्राथमिक जांच के बाद उसे शेरघाटी के टीटीई महाविद्यालय में क्वारण्टाईन करते हुए नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था।
शुक्रवार को जांच पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे आइसोलेशन में भेज दिया गया है। उसके साथ आए दो अन्य साथियों की जांच के लिए नमूना भेजा गया है। इधर शहर में स्थित क्वारण्टाईन में लगातार दूसरे दिन भी कोरोना पॉजिटिव मिलने की खबर से शहर में सख्ती बरते जाने की संभावना बढ़ गई है। शहरवासियों में एक बार फिर पटरी पर लौट रही जीवन की गाड़ी में में ब्रेक लगने की सम्भावना सशंकित हैं।