उदयीमान सूरज को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही शनिवार को संपन्न हुआ लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ
Kaushlendra
शेरघाटी
गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल मुख्यालय अंतर्गत लगभग 1 दर्जन से अधिक घाटों पर शनिवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने चार दिवसीय छठ का अनुष्ठान संपन्न किया। सुबह 6:11 मिनट पर जैसे ही सूर्य की लालिमा दिखाई दी व्रतियों अपने हाथों में सुप पर फल, नारियल से सजे थाली अपने हाथों में लिए भगवान भास्कर की आराधना के साथ अर्घ्य अर्पण का काम शुरू हुआ। व्रतियों का अर्घ्य कई स्थानों पर वैदिक मंत्रोचार के साथ किया गया तो कहीं सूरज को साक्षी मानकर श्रद्धालुओं ने लोक आस्था के साथ अर्घ्य अर्पित किया। पीतल के लोटे में दूध और पानी का मिश्रित अर्घ्य अर्पित कर प्रकृति एवम् पवित्रता का पर्व भगवान भास्कर को अर्पित किया और अपने मनोकामना पूर्ण होने की कामना की। इस मौके पर शेरघाटी गोला बाजार के निकट मोरहर नदी सूर्यनारायण श्री राम मंदिर घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बहती जलधारा के बीच अर्घ्य अर्पित किया। इसके अलावा शहर के डाक बंगला रोड, पलकीया, लीप गंज, नई बाजार, हम्जापुर में व्रतियों और श्रद्धालुओं ने उगते सूरज को अर्घ्य अर्पित किया। इसी प्रकार शहर के पूर्वी छोर पर बुढ़िया नदी जलधारा के बीच इंदिरा नगर घाट, मिल्की बाग घाट एवं गढ़ मोहल्ला घाट पर लोगों ने भगवान भास्कर को देखते ही उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पण करना शुरू किया। तत्पश्चात व्रतियों ने घाट पर मां गंगा की स्तुति करते हुए पूजा अर्चना किया। तत्पश्चात व्रतियों को शरबत व प्रसाद के साथ उपवास कर पर्व का समापन किया। शहर में अनुमंडल पदाधिकारी उपेंद्र पंडित डीएसपी प्रवेंद्र भारती थानाध्यक्ष अरविंद कुमार विभिन्न घाटों पर घूम घूम कर प्रशासनिक तौर पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई ना हो इसका जायजा लेते रहे। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शहर के चिन्हित स्थानों पर से अंदर शहर में चार पहिया वाहन को कुछ समय के लिए प्रवेश पर रोक लगा दी गई। जिसके कारण जाम की समस्या से लोगों को छुटकारा मिला। शेरघाटी विधायिका मंजू अग्रवाल राममंदिर घाट पर लोगों के बीच रहीं। इस कार्य में स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार प्रसून, सीओ सुधीर तिवारी सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र कुमार उर्फ टुनटुन सिंह, प्रमोद वर्मा, राम लखन पासवान, दीनानाथ पांडे, अरुण चंद्रवंशी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि विनय प्रसाद, उप मुख्य पार्षद प्रेम प्रकाश उर्फ चिंटू सिंह आदि ने सहयोग किया।
